Police detained Akhilesh Yadav : कृषि कानून के खिलाफ किसान यात्रा की शुरुआत करने कन्नौज जा रहे समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। अखिलेश का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। अखिलेश यादव को हिरासत (Police detained Akhilesh Yadav )में लिए जाने के बाद ईको गार्डन भेजा जा रहा है, जहां उन्हें कस्टडी में रखा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने पहले लखनऊ में उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग की थी, जिसके बाद अखिलेश पास में ही धरने पर बैठ गए थे। लेकिन अब उन्हें हिरासत में लिया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसानों के लिए बने कानून से किसान ही खुश नहीं हैं, तो फिर सरकार इन्हें वापस ले। तमाम विरोध के बावजूद अखिलेश यादव कन्नौज के लिए पैदल ही रवाना हो रहे हैं और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि उनके कार्यकर्ता प्रदेश के कई जिलों में गिरफ्तारियां दे रहे हैं, लेकिन हमें अब कन्नौज नहीं जाने दिया जा रहा है। अगर इन्हें जेल में डालना है, तो ये हमें भी जेल में डाल सकते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कन्नौज जा रहा हूं, गाड़ी रोक दी गई है लेकिन जहां तक हो सकेगा मैं पैदल ही चल दूंगा। अखिलेश ने कहा कि सरकार ने किसानों की दोगुनी आय करने का वादा किया था, लेकिन आज किसानों को बर्बाद करने वाला कानून लाया गया है। सपा ने भारत बंद का समर्थन भी किया है और उससे पहले प्रदेश के हर जिले में किसान यात्रा निकालने की बात कही। कृषि कानून के खिलाफ समाजवादी पार्टी आक्रामक रुख में है और लगातार विरोध कर रही है।
Ground Report के साथ फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सएप के माध्यम से जुड़ सकते हैं और अपनी राय हमें [email protected] पर मेल कर सकते हैं।