कोमल बड़ोदेकर | भोपाल
लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजों की मतगणना शुरू हो चुकी है। ताजा रुझानों में बीजेपी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाते हुए नजर आर ही है। वहीं देश की सबसे हॉट सीट में से एक भोपाल में शुरू हुई मतगणना में बीजेपी की ओर से प्रज्ञा ठाकुर अपने धुर विरोधी कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से काफी आगे चल रही है।
भोपाल सीट से 30 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला दिग्विजय सिंह और प्रज्ञा ठाकुर के बीच है। शुरूआती राउंड की वोटिंग में प्रज्ञा ठाकुर 22 हजार मतों से आगे चल रही हैं।
पहले राउंड की वोटिंग में प्रज्ञा ठाकुर को 41595 और दिग्विजय सिंह को मिले हैं जबकी दिग्विजय के खाते में अब तक 22089 वोट ही आए हैं। खबर लिखे जाने तक मिले अपडेट के मुताबिक प्रज्ञा ठाकुर 30 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं।
इस रुझान के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और बीजेपी दफ्तर के बाहर जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। हांलाकि प्रज्ञा ठाकुर का व्रत होने के चलते उनकी ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है। वहीं मतगणना केन्द्र पर पहुंचे दिग्विजय सिंह के भाई विधायक लक्ष्मण सिंह का कहना है हमने अभी उम्मीद नहीं हारी है। शाम तक ये तस्वीर साफ होगी।
बता दें कि भोपाल संसदीय क्षेत्र में साल 1957 से लेकर अब तक हुए लोकसभा चुनाव में ये पहला मौका है जब सबसे ज्यादा 65.69 फीसदी मतदान हुआ हो। इससे पहले 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान यहां 57.79 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।