भारत बंद का असर : केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आज राष्ट्रव्यापी भारत बंद बुलाया है। किसानों का भारत बंद आज सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। किसानों के भारत बंद को कई राजनीतिक पार्टियों से लेकर कुछ मजदूर संघों ने भी समर्थन देने का एलान किया है।
किसानों के भारत बंद को देखते हुए केंद्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी की है और सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। आज भारत बंद की वजह से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि दूध, फल-सब्जी की आपूर्ति आज बाधित रहेगी। वहीं, कल यानी बुधवार को किसानों और सरकार में छठे दौर की बातचीत है।
किसने किया समर्थन कौन विरोध में
व्यापारियों के संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और ट्रांसपोर्टरों के संगठन ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एआईटीडब्ल्यूए) ने किसानों द्वारा आज लाए गए ‘भारत बंद’ को समर्थन नहीं देने का ऐलान किया है।
कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, द्रमुक और इसके घटक, टीआरएस, राजद, सपा, बसपा, वामदल, पीएजीडी समेत देश की करीब 18 राजनीतिक पार्टियां आज भारत बंद के समर्थन में है।
कहां-कहां पड़ेगा असर
किसान आंदोलन में ज्यादातर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान हैं। इसलिए ऐसी उम्मीद की जा रही है कि यहां इसका व्यापक असर देखने को मिलेगा। एक वजह यह भी है कि यहां की प्रमुख विपक्षी पार्टियों ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। किसान आंदोलन का असर ज्यादातर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत गैर भाजपा शासित राज्यों में दिखेगा।
Was Hyderabad really Bhagyanagar before? Here is the Truth
वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने साफ कह दिया है कि गुजरात में बंद करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों ने साफ कर दिया है कि भारत बंद सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा है कि इसी दौरान वे चक्का जाम करेंगे। लोगों की सहुलियत और ऑफिस जाने वालों को ध्यान में रखते हुए भारत बंद का ऐलान 11 बजे से किया गया है।
Ground Report के साथ फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सएप के माध्यम से जुड़ सकते हैं और अपनी राय हमें [email protected] पर मेल कर सकते हैं।